फैक्ट्री कर्मी से 20 लाख की लूट : फरार आरोपी सुनील कुमार कुर्रे गिरफ्तार, 4 आरोपी है जेल मे बंद

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

जांजगीर-चांपा। जिले में 9 जनवरी 2026 को हुई 20 लाख 18 हजार 700 रुपए की नकद लूट के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे पांचवें आरोपी सुनील कुमार कुर्रे (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सुनील कुमार कुर्रे बिरगहनी, थाना जांजगीर का निवासी है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 2 लाख 68 हजार रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड बरामद किया गया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 111(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

घटना के अनुसार, पीड़ित हरीश देवांगन, जो मेसर्स अरविंद इंडस्ट्रीज चांपा में सुपरवाइजर हैं, कंपनी का कैश कलेक्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोसमंदा तालाब के पास काली कार में सवार बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर फेंककर उन्हें जबरन कार में बैठा लिया और मारपीट की। बदमाशों ने हरीश को देर रात मैनपाट सेल्फी पॉइंट के पास एक गहरी खाई में धक्का दे दिया और फरार हो गए। पीड़ित पूरी रात खाई में फंसा रहा और सुबह किसी तरह बाहर निकलकर पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर टीम ने जांच में सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार की पहचान की और सभी आरोपियों तक पहुंच बनाई। पहले ही इस मामले में पुलिस ने 13 लाख 75 हजार रुपए, एक कार, चाकू, बेसबॉल स्टिक और मोबाइल फोन जब्त किए थे। मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किए गए सुनील कुमार कुर्रे ने पूछताछ में लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *