कांग्रेस भाई-बहन की पार्टी, भारत जोड़ो से पहले कांग्रेस पार्टी जोड़ ले : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

०० भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस पर किया तीखा हमला

०० पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा “यह निर्णायक युद्ध है”

रायपुर| रायपुर दौरे पर पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कोई विचारधारा नहीं है। पूरे छत्तीसगढ़ में विकास कार्य ठप है। नड्‌डा ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर भी निशाना साधा और कहा कि भारत जोड़ो से पहले पार्टी जोड़नी चाहिए। 50-50 साल जिन लोगों ने तुम्हारी पार्टी में काम किया, वह पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। BJP अध्यक्ष कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्‌डा ने कहा कि हमारी लड़ाई परिवारवाद के खिलाफ है। कांग्रेसी भाई बहन की पार्टी हो गई है। कांग्रेस को घर बैठाना जरूरी है। मुझे बड़ा दुख होता है कि नवा रायपुर का विकास रुका हुआ है। कोई काम ठीक से नहीं हो रहा है। राज्य सरकार ने कर्ज ले रखा है, 4 हजार रुपए का कर्ज है। मगर इन्हें कोई चिंता नहीं है। पूरे प्रदेश में रेत माफियाओं का आतंक बढ़ रहा है। कोल माफिया सक्रिए हैं, हर कोयले के ट्रक में इनका कमीशन है। आयरन ओर में इनका कमीशन है। ये एक भी ऐसा काम बताएं जो इन्होंने किया है, ये केवल जनता को लूटने में लगे हुए हैं। कांग्रेसी जैसे लोग भाई-भाई से लड़ाते हैं, इलाकों को इलाकों से लड़ाते रहे हैं। जाति के नाम पर वोट मांगते, समाज को भ्रमित करते हैं। ये भ्रष्टाचार के सहारे लोगों को गुमराह करते रहें हैं। वहीं मोदी जी की संस्कृति है कि अब किसी को भी जनता के सामने जाना है तो अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जाना पड़ेगा और बताना पड़ेगा जनता को उसने जनता के लिए क्या किया है।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि मैं आ रहा था तभी मैंने रास्ते में पूछ लिया स्काईवॉक का क्या हुआ, तब पता चला कि इसका काम रोक दिया गया है। इसको तोड़ने की बात हो रही है। खुद तो कांग्रेस के लोग स्काई राइड करें और आम लोगों के स्काईवॉक से दिक्कत है। ये सिर्फ एक ही परिवार की सेवा में लगे हैं। मगर मैं ये छाती ठोक कर कह सकता हूं कि हमने यहां विकास किया। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए नड़्डा यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि कांग्रेसी चाहते ही नहीं कि समाज आगे बढ़े। ये लोग चाहते हैं कि यहां की जनता को लूटकर सिर्फ पार्टी का खजाना भरा जाए। नड्‌डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ से मेरी कई पुरानी यादें जुड़ी हुई हैं। यहां कि पवित्र भूमि पर आने का सौभाग्य मिला है। मैं वीर नारायण सिंह, बिरसा मुंडा को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। यह राज्य उनके ही कारण बना। नड्‌डा ने अपने संबोधन में बूढ़ादेव​​​​, बस्तर की दंतेश्वरी माता और बम्लेश्वरी माता को भी याद किया और छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया का नारा लगाया।साइंस कॉलेज मैदान हो रही सभा में इससे पहले बुके देकर उनका स्वागत किया गया। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह निर्णायक युद्ध है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को गदा भेंट करते हुए कहा कि जब जब सेनापति सामने आते हैं तो उनके पास गदा होती है। आज हम को नड्डा जी दिशा-निर्देश देने आए हैं। कहा कि 2023 में चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रचंड बहुमत से जीतेगी।

सभा की शुरुआत राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत से हुई थी। यहां पर भाजपा  अध्यक्ष बूथ अध्यक्ष, मंडल ,जिला व प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने तेलीबांधा से रोड शो किया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव भी शामिल रहे। इससे पहले एयरपोर्ट से बाइक रैली के साथ भाजपा अध्यक्ष नड्‌डा तेलीबांधा पहुंचे और वहां पं.दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा को माल्यार्पण किया। एयरपोर्ट से ही हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उनके साथ थे। हाथों में भाजपा का झंडा लिए और नारेबाजी करते हुए नड्‌डा का स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं की भीड़ ने नारा लगाया देखो कौन आया शेर आया शेर आया।जेपी नड्‌डा का स्वागत छत्तीसगढ़िया पारंपरिक अंदाज में किया गया। इसके लिए सरगुजा, जशपुर और बस्तर के आदिवासी कलाकारों के दल पहुंचे हैं। एयरपोर्ट के बाहर ये दल मस्ती में झूमते रहे और पारंपरिक गीतों के साथ थिरकते हुए नड्‌डा का स्वागत किया।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *