रायपुर| मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कुंवारपुर में रविवार को आदमखोर तेंदुए ने एक महिला का शिकार किया है। तेंदुए ने महिला को आधा खा भी लिया और बाकी बचे हुए शरीर के हिस्से को छोड़कर चला गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अफसरों का अनुमान है कि तेंदुआ संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान से यहां आ पहुंचा है। यह क्षेत्र संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान और गुरुघासीदास राष्ट्रीय उद्यान से लगा हुआ है।
इस इलाके में सालों बाद तेंदुए ने ग्रामीण को शिकार बनाया है। मृतका की पहचान फुलझरिया बाई (80 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम गधौरा की रहने वाली थी। वन विभाग के रेंजर रामसागर गुप्ता के अनुसार ये तितौली के बुधौरा जंगल की घटना है। बुजुर्ग महिला देर शाम जंगल से गांव लौट रही थी, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाद में गांववाले और उसके परिवार ने उसकी तलाश की, तो जंगल में महिला की कई टुकड़ों में लाश मिली है। बताया गया कि महिला लकड़ी लेने के लिए जंगल गई थी।
विभाग ने वन क्षेत्र से लगे गांवों में कर्मचारियों को भेजकर सतर्क रहने सूचना भिजवाई है। वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर जाने से मना किया है। साथ ही गांव में भी अलर्ट रहने को कहा है। तेंदुआ अगर इस इलाके में है, तो वो गांव में आकर मवेशियों का शिकार भी कर सकता है, इसलिए रात में मशाल जलाकर रखने की सलाह भी वन विभाग ने दी है। फिलहाल महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।