फर्जी वकील ने इंजीनियर को लगाया 58 लाख का चूना, आरोपी गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

सरकारी कामों के टेंडर दिलाने के नाम पर फर्जी वकील ने किया करोड़ों का घपला

रायपुर| रायपुर की पुलिस ने एक ठग को गिरफ्तार किया है। ये जब भी कारोबारियों से मिलता था ताे खुद को वकील बताता था। इसने तो खुद का पेट नेम भी वकील ही रखा हुआ था, कहता था लोग मुझे वकील के नाम से जानते हैं। ठग का असल नाम देव सिन्हा है। इसने भिलाई के एक इंजीनियर के साथ करीब 58 लाख 50 हजार की ठगी की। छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों में ये बदमाश करोड़ों की ठगी कर चुका है।

लोगों को ठगने का काम पूरे प्रोफेशनल अंदाज में होता था। टिकरापारा इलाके में इसने सी.पी.डी.एल सर्विसेज प्रा.लिमिटेड नाम की फर्म खोल रखी थी। ऑफिस में बुलाकर लोगों को झांसे में लिया करता था। ठगी के कांड में इसका साथी सूरज विश्वकर्मा भी शामिल था। सूरज फिलहाल फरार है। भिलाई दुर्ग निवासी एकेबी इंजीनियरिंग कंपनी के प्रोपराइटर अनिल कुमार बंछोर के साथ इसने ठगी की और मामला पुलिस के पास पहुंचा था। पेशे से इंजीनियर अनिल ने पुलिस को बताया कि जिला-कोरिया में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का 22 करोड़ 50 लाख रुपए का ठेका दिलाने के नाम पर साल 2020 में देव सिन्हा और उसके साथी ने 18 लाख रुपए लिए। इसके बाद कुछ और बहाने बनाकर रुपए लेकर कुल 58 लाख 50 हजार की ठगी हो गई। देव और सूरज फरार हो गए और तब से पुलिस को इनकी तलाश थी। आखिरकार देव पकड़ा गया।
खबर है कि छत्तीसगढ़ के कुछ कारोबारियों को इसी तरह चूना लगाने के बाद ये अन्य प्रदेशों में भी पहुंचे। ओडिशा, महाराष्ट्र जैसे प्रदेशों में 100 से अधिक कारोबारियों को इसी तरह सरकारी काम का टेंडर दिलाने के नाम पर 10 करोड़ की ठगी ये शातिर कर चुके हैं, पुलिस उन मामलों में भी देव से पूछताछ कर रही है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *