दोस्त बना रहा था अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव, सिर फोड़कर रेत दिया गला

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायपुर| धमतरी शहर के मकई तालाब में 12 दिसंबर को मिली सड़ी-गली लाश के मामले में पुलिस ने आरोपी रफीक खान (30 वर्ष) को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि क्रांति चतुर्वेदी (35 वर्ष) उस पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव डालता था, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर दी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, 12 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे मकई तालाब में एक व्यक्ति की लाश मिली थी। मृतक का गला धारदार हथियार से कटा हुआ था। सिर पर भी गहरी चोट थी। जांच में मृतक की पहचान साल्हेवार पारा निवासी कांति चतुर्वेदी (35) के रूप में हुई थी। उसके बडे़ भाई ने लाश को देखकर उसकी शिनाख्त की थी। पोस्टमॉर्टम के बाद लाश को परिजनों को सौंप दिया गया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि 6 दिसंबर से लापता क्रांति चतुर्वेदी की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके परिवार ने 8 दिसंबर को लिखवाई थी। हत्या के एंगल से जांच कर रही पुलिस ने 15 दिसंबर को आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। गिरफ्तार युवक रफीक खान आदतन बदमाश है। क्रांति और रफीक साथ में शराब पीते थे। इस दौरान उनके बीच अच्छी दोस्ती हो गई थी। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि क्रांति हमेशा उससे अप्राकृतिक संबंध बनाने की डिमांड करता था। 6 दिसंबर को भी दोनों ने साथ में बैठकर शराब पी। इसके बाद क्रांति उससे अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए कहने लगा, जब मना किया, तो उसने दबाव बनाना शुरू कर दिया। गुस्से में आकर रफीक ने क्रांति के सिर को पहले वहीं पास में पड़े ईंट से कुचला। फिर धारदार चाकू से 8 बार गले को रेता। इसके बाद लाश को तालाब में फेंककर उसे कपड़े से ढंक दिया।

आरोपी ने बताया कि तालाब में ही उसने खून से सने चाकू को भी धोया। अपने कपड़े और हाथ-पैर को भी पानी से साफ किया और इसके बाद घर वापस लौट आया। हत्या के 6 दिन बाद 12 दिसंबर को पुलिस ने मृतक की लाश बरामद की थी। सबसे बड़ी बात है कि आरोपी ने ही पुलिस को मकई तालाब में लाश होने की सूचना दी थी। पोस्टमॉर्टम करवाने में भी सहयोग दिया था। वो मृतक के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ था। वो मृतक का दोस्त होने का दिखावा करता रहा, इसलिए पुलिस शुरुआत में उस पर शक नहीं कर पाई। हालांकि सीसीटीवी फुटेज ने आरोपी का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *