होम थिएटर ब्लास्ट मामले में 4 युवक हिरासत में, विस्फोट में दुल्हन के प्रेमी पर संदेह

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

कवर्धा| जिले में के रेंगाखार थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए होम थिएटर विस्फोट मामले में दुल्हन के गांव के चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। ये अंजना गांव मध्यप्रदेश में है और यहीं से बारात आई थी। इसके बाद जब परिवार वाले दहेज में मिले सामान को देख रहे थे, कि होम थिएटर में विस्फोट हुआ। इससे दूल्हे और उसके भाई की मौत हो गई थी। चार और लोग घायल हुए थे।

चमारी गांव में हुई इस घटना के पीछे पहले माना जा रहा था कि नक्सली हो सकते हैं,लेकिन अब पुलिस ने अंजना गांव के चार युवकों को हिरासत में लिया है। इसमें एक युवक दुल्हन ललिता मेरावी का प्रेमी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस का कहना है कि इसी प्रेमी ने ललिता की शादी दूसरे जगह होने के बाद एक साजिश के तौर पर ऐसा किया।

अफसर भी यह मानते हैं कि घटनास्थल पर बारूद की गंध थी। ये विस्फोट होम थिएटर सिस्टम, स्पीकर में रखे बम से किया गया हो सकता है। उसे इस तरह से टाइम किया गया होगा कि जैसे ही उसमें करंट पहुंचे ब्लास्ट हो जाए। यह मामला लड़कीवालों के उस बयान के बाद और उलझ गया है जिसमें उन्होंने कहा कि दहेज के सामानों की लिस्ट में होम थिएटर नहीं था। यह उन्होंने नहीं दिया है।

उधर बीजेपी जिला अध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर ने पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना में नक्सलियों का हाथ है। जिला बीजेपी ने इस मामले में जल्द से जल्द NIA जांच की मांग की है। सोमवार आधी रात को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना और हॉस्पिटल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

होम थिएटर में ब्लास्ट के चलते दूल्हे समेत 2 भाइयों की मौत हो गई है। वहीं परिवार के डेढ़ साल के बच्चे समेत 4 लोग घायल हुए हैं। जिनका इलाज जारी है। चमारी गांव में रहने वाले हेमेंद्र मेरावी की 2 दिन पहले ही अंजना गांव में शादी हुई थी।

होम थिएटर देने वाले का नाम नहीं

जांच में ये बात भी सामने आई है कि लड़की के घर से आए सभी छोटे-बड़े गिफ्ट में देने वाले का नाम लिखा है, लेकिन होम थिएटर पर कोई नाम नहीं लिखा था। होम थिएटर ऑन करते ही उसमें ब्लास्ट हो गया और दूल्हे और उसके भाई की दर्दनाक मौत हो गई।इधर दूल्हे पक्ष के लोगों ने साफतौर पर दुल्हन पक्ष के लोगों पर साजिश करने का आरोप लगाया है। परिवार के लोग सीधे-सीधे घटना के लिए लड़की पक्ष को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *