2 बेटियों को जहर देकर महिला ने ट्रेन से कटकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा “पति के दूसरी औरत के साथ भागने से परेशान हु”

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

सक्ती : जिले में एक मां ने अपनी 2 बेटियों को जहर देकर खुद ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। ढाई और डेढ़ साल की दोनों मासूमों ने की भी दम तोड़ दिया। घर में बच्चियों के शव के पास से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने पति के दूसरी महिला के साथ भाग जाने को लेकर तनाव में रहने की बात कही है।

जानकारी के मुताबिक, सक्ती के वार्ड नं- 1 में रहने वाली प्रीति सतनामी (23) की शादी लगभग 4 साल पहले कृष्ण सतनामी से हुई थी। दोनों की दो बेटियां भी हैं। बड़ी बेटी का नाम परी सतनामी (ढाई वर्ष) और छोटी बेटी का नाम जान्हवी सतनामी (डेढ़ वर्ष) है। दो दिन पहले कृष्ण सतनामी अपने घर के सामने रहने वाली एक महिला के साथ भाग गया, जिसकी वजह से उसकी पत्नी परेशान थी।

मंगलवार की रात प्रीति ने अपने ससुराल के अन्य सदस्यों के साथ खाना खाया। इसके बाद वो बच्चों के साथ सोने के लिए चली गई। बुधवार तड़के लगभग 4 बजे प्रीति ने अपनी दोनों बेटियों को जहर खिला दिया और उसके बाद घर से बाहर निकल गई। इसके बाद प्रीति खुद सक्ती रेलवे स्टेशन के केबिन के पास रेलवे ट्रैक पर लेट गई। ट्रेन से कटकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बुधवार सुबह जब परिवार वालों की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि घर में बहू प्रीति कहीं नजर नहीं आ रही है। वहीं दोनों बच्चियों के मुंह और नाक से भी झाग जैसा निकला हुआ है। उनकी जांच करने पर पता चला कि बच्चियों की सांसें नहीं चल रही हैं। ये देख परिवार वालों के होश उड़ गए। इधर बहू का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की सूचना मिली। आनन-फानन मे मामले की जानकारी सक्ती पुलिस को दी गई।

खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का जायजा लिया। यहां दोनों बच्चों के शव के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें महिला ने लिखा है कि उसका पति कृष्ण सतनामी घर के सामने रहने वाली महिला के साथ भाग गया है, जिसके कारण वो परेशान है और दोनों बच्चों को मारकर आत्महत्या कर रही है। महिला ने लिखा कि उसके पति और पड़ोसी महिला ने उसे धोखा दिया है। वो किसी के द्वारा छोड़ी हुई औरत नहीं कहलवाना चाहती है। उसने अपने पति से पूछा है कि इन सबमें उसके 2 छोटे-छोटे मासूम बच्चों की क्या गलती थी। उसने लिखा कि अगर यही गलती वो करती, तो उसे गाली मिलती।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *