जांजगीर-चांपा : जिला स्थित चंडी देवी मंदिर से मंगलवार रात मां के सोने-चांदी के जेवर और दान पेटी में रखे एक लाख रुपये चोरी हो गए। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक महिला सहित दो लोग चोरी करते हुए कैद हुए हैं। दोनों संदिग्ध सुबह से ही मंदिर के आसपास घूम रहे थे। दोनों ने अपने चेहरे मास्क से ढंक रखे थे। सूचना मिलने पर बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, सलखन गांव के मां चंडी देवी का मंदिर है। इसी मंदिर में रात करीब 8 बजे एक महिला और एक पुरुष ने घुसकर चोरी की है। आरोपी चोर मां की मूर्ति से आभूषण, मुकुट, छत्र, सोने के जेवर और दान पेटी में रखे एक लाख से अधिक रुपये की अधिक रकम निकालकर ले गए। बुधवार सुबह जब पुजारी मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे तो देवी के गहने गायब थे। इस पर उन्होंने आसपास तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है की महिला और पुरुष दोनों मंगलवर सुबह से मंदिर परिसर में घूम रहे थे। मंदिर बंद होने का समय और खुलने का समय गांव के लोगों से पूछा, फिर पास के होटल में जाकर दोनों ने नाश्ता किया। रोज की तरह मंदिर के पुजारी ने देर शाम पूजा-अर्चना के बाद मंदिर का दरवाजा बंद कर दिया था। इसके बाद वह अपने घर चले गए। इसके बाद ही दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शहर में लगातार चोरी और लूट की घटनाएं हो रही हैं। हर बार पुलिस के हाथ खाली हैं।