भोपाल : राज्य के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, खाद-बीज और बिजली की समस्या दूर करने सहित अन्य मांगों को लेकर मप्र कांग्रेस आज किसान न्याय यात्रा निकाल रही है। सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता किसानों के साथ मिलकर ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं। कांग्रेस किसानों को सोयाबीन का समर्थन मूल्य छह हजार रुपये, गेहूं का 2,700 और धान का 3,100 रुपये प्रति क्विंटल दिलाने की मांग की मांग को लेकर यह यात्रा निकाल रही है।
भोपाल में पुलिस ने की बैरिकेडिंग
राजधानी भोपाल में रातीबड़ क्षेत्र अन्तर्गत नीलबड़ तिराहा/साक्षी ढाबा से किसान न्याय यात्रा निकाल रही है। रातीबड़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान जुट रहे हैं। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया के नेतृत्व में भोपाल में किसान न्याय यात्रा निकल रही है।पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी ट्रैक्टर पर सवार होकर यात्रा में पहुंचे। यात्रा को सूरज नगर तिराहे भदभदा पर रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। इससे ट्रैक्टर रैली लेकर आने वाले किसान व कांग्रेस कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंच सकें।
ग्रामीण कांग्रेस नेता रोहित राजौरिया ने बताया कि यात्रा दोपहर 12 बजे के बाद शुरू होगी, जो दोपहर एक बजे तक भदभदा तिराहे तक पहुंचेगी। इसमें बड़ी संख्या में आसपास के किसान शामिल हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता भी हैं। यात्रा को भदभदा होते हुए डिपो चौराहा फिर कलेक्ट्रेट पहुंचना है, लेकिन पुलिस ने सूरज नगर पर ही बैरिकेडिंग की गई है। हमारी मांग है कि किसानों को सोयाबीन का समर्थन मूल्य छह हजार, गेहूं का 2700 रुपये साथ ही धान की एमएसपी 3100 रुपये तय की जाए। इसे लेकर कांग्रेस प्रदेश भर में प्रदर्शन कर रही है।
इंदौर में पटवारी, दिग्गी शामिल
इंदौर में निकाली जा रही कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा में शामिल होने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत अनेक नेता व कार्यकर्ता पहुंचे हैं। पुलिस-प्रशासन ने कांग्रेस के इस व्यापक प्रदर्शन को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं। इंदौर में कांग्रेस की किसान यात्रा को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग करने के अलावा मार्ग पर डंपर, हाइवा आदि भी खड़े कर दिए गए। पुलिस ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। इससे आमजन भी परेशान हो रहे हैं।