पचमढ़ी में सीजन की सर्वाधिक ठंड : मंडला, अमरकंटक और शहडोल में भी गिरा तापमान, उत्तरी हवाओं का बढ़ा असर 

Featured Latest मध्यप्रदेश

भोपाल : मध्यप्रदेश में उत्तरी हवाएं अपना असर दिखने लगी हैं। सीजन में पहली बार पचमढ़ी में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। मंगलवार-बुधवार की यहां रात 9.6 डिग्री सेल्सियस टेम्परेचर रिकॉर्ड किया गया। एमपी के कई शहरों में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे रहा।

कहां कितना तापमान  

पचमढ़ी में मंगलवार-बुधवार की रात सबसे कम तापमान 9.6 डिग्री रहा। मंडला में 12 डिग्री, शहडोल-अमरकंटक में 12.7 डिग्री, शाजापुर में 12.8 डिग्री सेल्सियस, बैतूल में 13.4 डिग्री, राजगढ़ और सीधी में 14 डिग्री, उमरिया में 14.1 डिग्री, मलाजखंड में 14.2 डिग्री और छिंदवाड़ा में 14.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

एमपी के बड़े शहरों में जबलपुर सबसे ज्यादा ठंडा रहा। रात को यहां न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 15.5 डिग्री, इंदौर में 16.8 डिग्री, ग्वालियर में 16 डिग्री सेल्सियस और उज्जैन में 16.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार-बुधवार की रात जबलपुर सहित एमपी के 15 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे रहा।

क्या कहते हैं वैज्ञानिक
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो प्रशांत महासागर में अलनीलो-ला नीनो और हिंद महासागर में आईओडी अभी न्यूट्रल है। यही कारण है कि नवंबर में अब तक मौसम ज्यादा डिस्टर्ब नहीं हुआ। दिसंबर में पारा तेजी से गिरने के आसार हैं। माह के आखिरी सप्ताह तक कोल्ड वेव चलने लगेंगी।

लोगों को शेयर करें