मुरैना : जिले में हर्ष फायरिंग की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं। हर्ष फायरिंग का ताजा मामला राष्ट्रीय राजमार्ग 552 के रतीरामपुरा टोल प्लाजा का है, जहां कई बंदूकधारियों ने ताबड़तोड़ हर्ष फायर किए। हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद दिमनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार आरोपितों को बंदूकों सहित गिरफ्तार कर लिया।
आठ से नौ लोगों ने की फायरिंग
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें जिले में स्थित रतीरामपुरा टोल प्लाजा पर 25 से 30 लोगों की भीड़ में से आठ से नौ लोग बंदूक लिए दिखे, इनमें से पांच-छह लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। राजमार्ग पर इस तरह फायरिंग से राहगीर भी सहमे नजर आए।
मुरैना की एक फर्म को टोल प्लाजा का ठेका
जांच में सामने आया कि बीते दिनों टोल प्लाजा का ठेका मुरैना की एक फर्म को मिला है, उसी खुशी में ये हर्ष फायर किए गए थे। दिमनी थाना टीम और साइबर टीम ने छानबीन के बाद मुरैना के रहने वाले शिवदयाल राजौरिया, विवेक पाठक, शैलेंद्र पाठक और सुभाष पाठक को टोल प्लाजा से ही गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चार लाइसेंसी बंदूकें मिलीं, जिनसे हर्ष फायर किए गए।
दिमनी टीआइ शशिकुमार ने बताया कि इन चारों के बंदूक लाइसेंस निलंबित करवाने के लिए कलेक्टर कार्यालय को पत्र लिखा गया है। वीडियो में हर्ष फायर करते दिखे अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।