रायपुर। छत्तीसगढ़ के शराब घोटाला मामले में ईडी सुकमा जिला मुख्यालय में बने कांग्रेस भवन को अटैच कर दिया है। उल्लेखनीय है कि, जांच के दौरान एजेंसियों को यह पता चला था कि, सुकमा में कांग्रेस भवन का निर्माण शराब घोटाले के पैसे से हुआ था। इसके साथ ही तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी ‘लखमा के बेटे हरीश कवासी का सुकमा में बना मकान भी अटैच कर लिया गया है। इसके साथ ही रायपुर में कवासी लखमा का मकान भी ईडी ने अटैच किया है। बताया जा रहा है कि, देश में किसी राजनीतिक दल का यह पहला कार्यालय होगा, जिसे ईडी ने अटैच किया है।
ईडी की कार्रवाई के पीछे राजनीतिक षडयंत्र- कांग्रेस
ईडी की कार्रवाई को कांग्रेस ने राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए कहा कि, कांग्रेस भवन निर्माण के आय के स्त्रोत का हिसाब दिया गया है। इसके बाद भी साजिश के तहत कार्यालय अटैच किया गया। कांग्रेस पार्टी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा- मोदी सरकार के निर्देश पर आज कांग्रेस के जिला कार्यालय सुकमा को ईडी ने अटैच किया है। यह भारतीय जनता पार्टी के राजनैतिक षड्यंत्र का एक हिस्सा है। कांग्रेस पार्टी ने तो अपने जिला पार्टी भवन को बनाने के स्त्रोत के एक- एक पाई का हिसाब दे देगी। उन्होंने आगे कहा- कांग्रेस आज से नहीं बल्कि आजादी के पहले से कार्यकर्ताओं के सहयोग से कार्यालय बनाती रही है। इसका उदाहरण रायपुर कार्यालय है।
ईडी पर कांग्रेस ने लगाया आरोप
कांग्रेस ने कहा- विपक्ष में रहते हुए हमने आलिशान कार्यालयों का निर्माण किया। क्या ईडी में साहस है की वह भाजपा के बनाये गए कार्यालयों का अपडेट लेगी। 50 करोड़ की लगत से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर और आरएसएस मुख्यालय का हिसाब लेगी। उन्होंने आगे कहा की – क्या ईडी सिर्फ विपक्ष हो ही बदनाम करने की साजिशे रचते जाएगी।
कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश
सुकमा के कांग्रेस भवन को ईडी द्वारा अटैच कर लिए जाने पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा है कि, ईडी का कांग्रेस भवन अटैच करना भाजपा की साजिश है। कांग्रेस को बदनाम करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। ईडी आईटी सीबीआई द्वारा विपक्ष को परेशान किया जा रहा है। भाजपा में शामिल होने के बाद नेता पाक साफ हो जाते हैं। भाजपा से लड़ने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाती है।
कांग्रेस शासन में घोटाले ही घोटाले : केदार गुप्ता
सुकमा के कांग्रेस भवन को ईडी द्वारा अटैच कर लिए जाने पर भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा है कि, कांग्रेस सरकार के दौर में घोटाले पर घोटाले होते रहे। घोटाले के पैसों से कांग्रेस कार्यालय बनाया गया। अब एजेंसियां अपना काम कर रही हैं।
20 मई को ईओडब्ल्यू ने दी थी दबिश
वहीं बीते 20 मई को ईओडब्ल्यू और एसीबी ने दबिश दी थी। प्रदेश के कई शहरों में मंगलवार की सुबह ईओडब्लू और एसीबी ने दबिश दी। छापे के बाद एजेंसी ने मामले की जानकारी दी। छापे के बाद एजेंसी ने बताया था कि, भारतीय दंड संहिता के तहत आबकारी घोटाले की विवेचना जारी है। विवेचना के दौरान यह तथ्य उजागर हुआ कि प्रकरण के प्रमुख संदेही द्वारा अपराध से अर्जित उविध धनराशि को विभिन्न व्यक्तियों के माध्यम से अलग-व्यवसायों और सम्पतियो में बड़े पैमाने पर निवेश किया गया है|