बाइक फिसलने से गिरे पति-पत्नी, पीछे से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट में आ गई पत्नी

Featured Latest मध्यप्रदेश

इंदौर। तेजाजीनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। महिला के पति कथावाचक हैं। पति-पत्नी अपनी बेटी से मिलकर घर लौट रहे थे। टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज निकाल रही है।

टीआइ देवेंद्र मरकाम के मुताबिक घटना रात करीब 9:30 बजे बायपास स्थित होटल एम्बिएंस के सामने की है। हादसे में 38 वर्षीय आशा शर्मा की मौत हुई है। पति किशोर शर्मा घायल हैं। भाई राजेश शर्मा के अनुसार किशोर की बेटी कन्नू छोटे भाई संजय के पास मूसाखेड़ी में रहती है।

पीछे से आ रहा वाहन रौंदता हुआ निकल गया

आशा और किशोर दोपहर को कन्नू से मिलने गए थे। दोनों रात में घर (दतोदा) आ रहे थे। अचानक बाइक असंतुलित हुई और फिसल गई। किशोर और आशा अलग-अलग दिशा में गिरे। पीछे से आ रहा वाहन आशा को रौंदता हुआ निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर मारने वाले वाहन की खोज

राजेश के मुताबिक किशोर कथावाचक हैं। उनकी तीन लड़कियां और एक लड़का है। टीआई के मुताबिक टक्कर मारने वाला वाहन अज्ञात है। घटनास्थल पर कैमरे में भी नहीं है। पुलिस अन्य जगहों के फुटेज निकाल रही है।

लोगों को शेयर करें