लकड़ी काटने के विवाद में हत्या : अधेढ़ की पीट-पीटकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

जशपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हत्या का मामला सामने आया है, जहां लकड़ी काटने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस झगड़े में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने घटना के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह सनसनीखेज वारदात ग्राम जोराडोल (सुगापारा) की है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि मृतक इंदबल मांझी (40 वर्ष) का गांव के ही कुछ लोगों से लकड़ी काटने को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि 18 और 19 अक्टूबर को इंदबल को चार ग्रामीणों ने बेरहमी से पीटा था। मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे खून की उल्टी होने लगी। परिजन उसे गंभीर हालत में अंबिकापुर शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, लेकिन 20 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पत्थलगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पत्नी का बयान बना अहम सुराग

जांच के दौरान मृतक की पत्नी सुनोबाई ने बताया कि उसके पति पर गांव के हृदन उर्फ हिरदन साय (36 वर्ष), डोमन साय मांझी (33 वर्ष), अशोक मांझी (35 वर्ष) और नईहर साय (45 वर्ष) ने हमला किया था। सुनोबाई के मुताबिक, पहले दिन तीन आरोपियों ने हाथ-पैर से पीटा था और अगले दिन नईहर साय ने लकड़ी की लाठी से वार किया, जिससे उसके पति की हालत बिगड़ गई। पत्थलगांव पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर चारों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हमले में प्रयुक्त लकड़ी की लाठी भी जब्त कर ली है।

हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया है। पर्याप्त सबूत मिलने पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया, “थाना पत्थलगांव क्षेत्र में मारपीट के कारण आई चोटों से इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई थी। जांच में आरोपियों की संलिप्तता पाई गई। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।” गांव में इस घटना के बाद से तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *