महिला पुलिस कर्मी को दौड़ाया, पटका, कपड़े फाड़े… शर्मनाक हरकत करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक महिला पुलिसकर्मी के साथ हुई बेहद शर्मनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया है. तमनार में प्रदर्शनकारियों ने महिला पुलिस कर्मी को पटका, उसके कपड़े फाड़कर अर्द्ध नग्न कर दिया. वे हाथ जोड़कर आरोपियों के सामने गिड़गिड़ाती रही, लेकिन किसी ने एक भी नहीं सुनीं. बल्कि घटिया हरकत करते रहे. इस शर्मनाक हरकत का वीडियो अब वायरल हुआ है. इसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि दो लोग अब भी फरार हैं.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक पर जानलेवा हमला किया, लाठी-डंडों से मारपीट की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाला व्यवहार किया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और पोस्ट्स में भी पुलिस बल पर पथराव, धक्का-मुक्की और महिला कर्मी के साथ दुर्व्यवहार के दृश्य सामने आए हैं, जिससे आमजन में आक्रोश देखा जा रहा है.

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मंगल राठिया, चिनेश खमारी, प्रेमसिंह राठिया, कीर्ति श्रीवास (सभी निवासी ग्राम आमगांव) और वनमाली राठिया (निवासी ग्राम झरना) के रूप में हुई है. इस मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 309/25 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं सहित आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला गारे–पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान को लेकर आयोजित जनसुनवाई से जुड़ा है. 08 दिसंबर 2025 को धौराभांठा में हुई जनसुनवाई के विरोध में प्रभावित गांवों के ग्रामीणों द्वारा  दिसंबर से सीएचपी चौक, लिब्रा में धरना दिया जा रहा था. 27 दिसंबर को जब प्रशासन ने मार्ग खोलने की कोशिश की, तब स्थिति बिगड़ गई और भीड़ उग्र हो गई. ऐसी हालत में आंदोलनकारी ग्रामीण और पुलिस प्रशासन के बीच जमकर झूमा झपटी और मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई. माहौल ऐसा खराब हुआ कि पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा.

उच्च स्तर पर जांच कर रही है पुलिस

इस दरमियान घटना में महिला आरक्षक के साथ हुई आपत्तिजनक घटना को लेकर पुलिस उच्च स्तर पर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज, सोशल मीडिया इनपुट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है. रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *