रायपुर एयरपोर्ट पर फर्जी आधार कार्ड के साथ पकड़ाया शख्स, इंदौर जा रहा था, सीआईएसएफ ने किया गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से सीआईएसएफ ने फर्जी आधार कार्ड के साथ एक शख्स को गिरफ्तार किया है. इसी पहचान पत्र की मदद से मध्य प्रदेश के इंदौर जा रहा था. आरोपी से पूछताछ की जा रही है.

इंदौर का रहने वाला है शख्स

पूरा मामला कुछ इस तरह है कि एक यात्री स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट लेकर रायपुर से इंदौर जाने के लिए फ्लाइट में चढ़ने की तैयारी कर रहा था. चेकिंग के दौरान उसने पहचान के लिए आधार कार्ड दिखाया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों को फोटो और दस्तावेज में कुछ गड़बड़झाला नजर आ गया. बस फिर क्या था, थोड़ी-सी जांच हुई और पूरा खेल खुल गया. पता चला कि असल में यात्री स्नेहल राजू भाई पटेल नहीं बल्कि कुलदीप सिंघल है.

कुलदीप ने बड़ी क्रिएटिविटी दिखाते हुए असली आधार कार्ड में अपना फोटो लगाकर फर्जी आधार तैयार कर लिया था. सोच लिया था कि टिकट भी उसी नाम की है तो आराम से उड़ान भर लेंगे. लेकिन एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच ने उनकी इस हवाई योजना को उड़ान भरने से पहले ही क्रैश कर दिया. सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर ही कुलदीप को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी कुलदीप सिंघल इंदौर का रहने वाला है.

आरोपी से पूछताछ जारी है

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सीधे जेल की नॉन-स्टॉप फ्लाइट मिल गई. अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह फर्जी आधार बनाने का आइडिया कुलदीप का खुद का था या इसके पीछे कोई और मास्टरमाइंड भी है. फिलहाल इतना तय है कि रायपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा के सामने उसकी चालाकी ज्यादा देर नहीं टिक पाई. फिलहाल पुलिस आरोप से पूछताछ कर रही है.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *