मामूली विवाद में दो भाइयों ने मिलकर की दोस्त की हत्या, ससुराल में छिपकर भागने की फिराक में थे आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

बिलासपुर : जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत संबलपुरी में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। महज़ मामूली विवाद और गाली-गलौज के बाद दो सगे भाइयों ने मिलकर अपने ही दोस्त को मौत के घाट उतार दिया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार थे और शहर छोड़कर भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन बीट आरक्षकों की मुस्तैदी और सक्रियता के चलते उन्हें ग्राम मेण्ड्रा से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 14 मार्च की रात संबलपुरी निवासी सतीश कौशिक अपने दो दोस्तों राकेश और गणेश कौशिक के साथ शराब पीने गया था। पीपल पेड़ के नीचे बैठकर शराब पीने के दौरान सतीश ने गणेश और उसके परिवार को अपशब्द कहना शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों भाइयों ने तैश में आकर सतीश की बेरहमी से पिटाई कर दी और उसे पेड़ की जड़ पर दे मारा। सिर और मुंह पर आई गंभीर चोटों के कारण सतीश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम और बीट आरक्षक लगातार आरोपियों की तलाश में जुटे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों भाई ग्राम पांड में छिपे हैं और मेण्ड्रा के रास्ते बाहर भागने की फिराक में हैं। इस पर घेराबंदी करते हुए पुलिस ने आरोपी राकेश उर्फ छोटू और गणेश कौशिक को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में बीट आरक्षक आशीष शर्मा, अफाक खान और अनुप नेताम की विशेष भूमिका रही।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *