मर्डर का खुला राज : करोड़ों की संपत्ति के लिए सगे भाई ने रची हत्या की साजिश, 11 गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी थाना लालपुर क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहाँ संपत्ति के लालच में एक सगे भाई ने ही अपने बड़े भाई की सुपारी देकर हत्या करवा दी। ग्राम मनोहरपुर निवासी सेवानिवृत्त लेखापाल दामोदर राजपूत, जो 21 मार्च से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे, उनकी तलाश के दौरान पुलिस ने एक ऐसे अंधे कत्ल का खुलासा किया जिसकी साजिश घर के भीतर ही रची गई थी।

जांच में सामने आया कि मृतक के सगे भाई, भतीजे और अन्य परिजनों ने मिलकर करोड़ों की जमीन और संपत्ति हड़पने के लिए पहले फर्जी वचनपत्र तैयार करवाए और फिर सुनसान रास्ते पर दामोदर का गमछे से गला घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने शातिर पना दिखाते हुए शव को कवर्धा के पंडरिया के जंगलों में रेत में दफना दिया और मृतक का मोबाइल प्रयागराज ले जाकर गंगा नदी में विसर्जित कर दिया, ताकि यह आभास हो कि वे साधु बनकर कहीं चले गए हैं।

प्रयागराज मे फेंका मोबाईल, 4 नाबालिग भी गिरफ्तार

हालांकि, मुंगेली पुलिस ने त्रिनयन एप और सीसीटीवी फुटेज में कैद एक संदिग्ध ईऑन कार के जरिए इस पूरी साजिश की परतें खोल दीं। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड परिजनों सहित कुल 11 आरोपियों और 4 नाबालिगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही हत्या में प्रयुक्त वाहन और 96 हजार रुपये की सुपारी राशि भी जब्त की गई है। इस हृदयविदारक घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है कि कैसे भौतिक लालच के आगे खून के रिश्ते भी दुश्मन बन गए।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *