टाइगर रिजर्व में अवैध घुसपैठ पर बड़ी कार्रवाई: ओडिशा के 2 शिकारी गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

गरियाबंद : उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में अवैध प्रवेश और शिकार की कोशिश करने वाले ओडिशा के दो आरोपियों को वन विभाग की एंटी-पोचिंग टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से धनुष, तीर सहित अन्य शिकार सामग्री भी बरामद की गई है।

मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक गुरूनाथन एन., उप संचालक वरुण जैन और वनमंडलाधिकारी अजीज खान के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने ओडिशा के कटफाड़ क्षेत्र के ग्राम गंटियापाड़ा में दबिश दी, जहां जयराम पाहारिया और उसके साथी बरनसिंग पाहारिया के घर की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान 2 धनुष, 5 तीर और अन्य शिकार उपकरण बरामद किए गए। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया| आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रात के समय अवैध रूप से प्रवेश कर शिकार की कोशिश करना स्वीकार किया है। साथ ही उन्होंने पूर्व में हुए शिकार मामलों में शामिल अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

नवनियुक्त रेंजर दिनेश चौधरी के नेतृत्व में चल रही इस ताबड़तोड़ कारवाई के साथ अब टाइगर रिजर्व की टीम ओडिशा के अंदरूनी क्षेत्रों तक गश्त बढ़ा रही है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है और मुखबिर तंत्र को भी मजबूत किया जा रहा है।

इस पूरी कार्रवाई में वन अधिकारियों, एंटी-पोचिंग टीम और स्नाइफर डॉग स्क्वॉड की अहम भूमिका रही, जिससे वन्यजीव संरक्षण को लेकर विभाग की सख्ती साफ नजर आ रही है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *