लग्जरी कार में ‘लेडी गैंग’ का देशभर में आतंक: भीड़ में पलभर में उड़ती थी सोने की चेन, रायपुर में बड़ा खुलासा

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने चेन स्नेचिंग के एक बड़े और शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लग्जरी कार में देशभर में घूम-घूमकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में वारदात को अंजाम देता था. इस मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी तरूणेन्द्र वर्मा ने थाना डी.डी. नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई.

उन्होंने बताया कि 08 अप्रैल 2026 को शाम लगभग 07:00 बजे उनकी 66 वर्षीय माता निर्मला वर्मा चंगोराभाठा बाजार सब्जी खरीदने गई थीं. बाजार में अत्यधिक भीड़-भाड़ थी. सब्जी खरीदने के बाद जब वे कुछ दूर आगे बढ़ीं, तो उन्होंने अपने गले को हाथ लगाकर देखा, लेकिन उनके गले में पहनी हुई सोने की चैन गायब थी. अज्ञात चोर भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से चैन झपटकर फरार हो चुका था. इस पर थाना डी.डी. नगर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात

एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. टीम ने पीड़िता और आसपास मौजूद लोगों से विस्तृत पूछताछ की तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.

साथ ही घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए. फुटेज में कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास घूमती हुई दिखाई दीं. जांच के दौरान साफ तौर पर देखा गया कि वही महिलाएं पीड़िता के गले से सोने की चैन निकाल रही हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों का फुटेज के आधार पर पीछा करना शुरू किया.

लग्जरी कार से करते थे रेकी और फरारी

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक चारपहिया वाहन (इनोवा) का इस्तेमाल कर रहे थे. यह गिरोह रायपुर शहर में घूम-घूमकर भीड़भाड़ वाले स्थानों की रेकी करता था और फिर मौके का फायदा उठाकर लोगों के गले से सोने की चैन पार कर देता था. एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की 15 सदस्यीय टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप प्लान तैयार किया और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रैक की.

बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया गैंग

पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध वाहन भाठागांव स्थित बस स्टैंड के पास मौजूद है. सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की पहचान की और घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ लिया. वाहन में 07 महिलाएं और 01 पुरुष सवार थे. पूछताछ के दौरान सभी आरोपी गोलमोल जवाब देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

एक दर्जन से ज्यादा वारदातें कबूलीं

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रायपुर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डी.डी. नगर में घूम-घूमकर करीब एक दर्जन लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं. इन मामलों में उनके खिलाफ पहले से कई अपराध दर्ज हैं. आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में इसी तरह की चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं.

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?

गिरफ्तार आरोपियों में संध्या सकटे, सोनिया हातागले, उज्वाला हातागले, साखरा बाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे, सपना हातागले और अभय हतागले शामिल हैं. इनमें अधिकांश आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *