हैवान पति की करतूत : पत्नी की हत्या कर कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा आरोपी, आरोपी गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

कोरबा। कोरबा जिले के रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और वारदात के बाद कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। इस घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी सालिक राम यादव ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी छेक बाई की हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह चरित्र संदेह बताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पहले से ही विवाद की स्थिति बनी रहती थी।

घटना के समय घर पर उनके बच्चे भी मौजूद थे, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। आरोपी सालिक राम यादव गांव में स्थित एक पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी और देखरेख का काम करता था। वह अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ वहीं रहता था। घटना के दौरान क्या परिस्थितियां बनीं, इसकी जानकारी पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने जिस तरह से कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमना शुरू किया, उससे ग्रामीणों में भय का माहौल फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या थे। चरित्र संदेह के अलावा अन्य किसी वजह की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *