रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके में स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में लाखों रुपये की चोरी के मामले में एक बड़ा और गंभीर मोड़ सामने आया है। चोरी के मामले में नाम सामने आने के बाद एक नाबालिग आरोपी ने पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को पहले ही हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जब आरोपी के घर जांच और पूछताछ के लिए पहुंची, उसी समय नाबालिग घर के अंदर मौजूद था। पुलिस को घर के बाहर देखकर वह घबरा गया और तुरंत अपने कमरे में चला गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और कुछ ही समय बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही घटना की जानकारी सामने आई, इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही DCP मयंक गुर्जर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके को घेर लिया गया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि नाबालिग मृतक के विरुद्ध पूर्व में चोरी, चाकूबाजी, मारपीट समेत आधा दर्जन अपराध दर्ज हैं।
पुलिस कर रही है विस्तृत जांच
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर घटनाक्रम किस तरह से हुआ। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी पर किसी तरह का दबाव था या घटना के पीछे अन्य कोई कारण भी जुड़ा हुआ है। पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए आगे की जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
