24 घंटे में अपहृत युवक सकुशल झारखंड से बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायगढ़ : रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अपहरण मामले का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने झारखंड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, मुड़ागांव रामनाथपुर निवासी 55 वर्षीय शिवप्रसाद बंजारा ने थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका 26 वर्षीय पुत्र रवि नारायण बंजारा का झारखंड से आए तीन युवकों ने घर में घुसकर अपहरण कर लिया। प्रार्थी के मुताबिक, रवि पहले धान खरीदी-बिक्री के व्यवसाय में झारखंड निवासी पवन साहू के साथ काम करता था।

बताया गया कि 11 मई 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपी पवन साहू, विष्णु साहू और नरेश उर्फ नरेंद्र साहू दो स्कॉर्पियो वाहनों में रवि के घर पहुंचे। आरोपियों ने 12 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद बताते हुए रवि के साथ मारपीट की और उसे जबरन वाहन में बैठाकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए लैलूंगा पुलिस ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की और रांची में दबिश दी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रवि को सकुशल छुड़ाया तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *