अंबिकापुर : अंबिकापुर में रूंह कंपाने घटना सामने आई है. जहां एक पति ने पहले पत्नी को घसीट-घसीटकर डंडे से बेदम पिटाई की. इतने से भी जी नहीं भरा तो उसने पत्नी के प्राइवेट पार्ट में 10 इंच लंबी लोहे की रेती डाल दी थी. फिर बेहोशी की हालत में उसे लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया था. यहां डॉक्टरों ने कहा कि उसकी मौत हो गई है तो वह लाश छोडक़र फरार हो गया था. इधर पीएम कर रहे डॉक्टर के उस समय होश उड़ गए, जब उसने महिला के प्राइवेट पार्ट में रेती देखी. इसी बीच 3 दिन से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया.
प्रेग्नेंट पत्नी को पति ने बेरहमी से मारा
अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर स्थित ग्राम भिट्ठीकला के सेमरघाट निवासी प्रदीप अगरिया ने 15 वर्षीय हीरा बाई से 8 साल पहले प्रेम विवाह किया था. दोनों के 4 बच्चे हैं. वर्तमान में भी हीरा बाई 3 माह की गर्भवती थी. 14 मई की दोपहर प्रदीप शराब के नशे में घर आया और पत्नी को किसी बात को लेकर पीटने लगा. इस दौरान उसके 3 मासूम बच्चे भी घर में थे. बड़ी बेटी पिता से मां को छोड़ देने की मिन्नतें करती रही, लेकिन उसका दिल नहीं पसीजा था. वह डंडे व पत्थर से उसे घसीट-घसीटकर मारता रहा. मारपीट में आई गंभीर चोट से वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई थी.
शाम को पति बेहोश पड़ी पत्नी को अपने कमर में गमछे से बांधा और बाइक पर लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा था. यहां डॉक्टर को उसने बताया कि सड़क हादसे का शिकार हुई है। इधर डॉक्टर ने जांच पश्चात उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर की यह बात सुनकर वह पत्नी की लाश छोड़कर फरार हो गया था.
पीएम करते समय डॉक्टर के उड़े होश
15 मई को मामला मणिपुर पुलिस तक पहुंचा. पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो वहां खून व घसीटे जाने के निशान मिले. मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि प्रदीप अगरिया शराब पीने का आदी था तथा अक्सर उसकी बेटी से मारपीट करता था. इधर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टर ने महिला के शव पीएम किया. इस दौरान उसके प्राइवेट पार्ट में करीब 10 इंच लंबी लोहे की रेती मिली. यह देखकर डॉक्टर के भी होश उड़ गए. वहीं महिला के शरीर पर चोट के 16 निशान भी मिले.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इस जघन्य हत्याकांड ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. एसपी ने आरोपी को पकडऩे पुलिस टीम को लगाया था. पुलिस आरोपी के संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही थी. इसी बीच पुलिस व साइबर की टीम ने आरोपी को रविवार को शहर से लगे ग्राम खैरबार के गंझाडांड़ डेम के पास से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है.
