घरेलु विवाद में बेटे ने की अपने ही पिता की ईंट से मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

महासमुंद : महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद के चलते बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए चंद घंटों के भीतर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम रिसेकेला का है।

जानकारी के अनुसार 18 मई को जयलाल सागर उर्फ जयलाल चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद पुलिस को हत्या की आशंका हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना वाले दिन मृतक जयलाल चौहान और उसके बेटे अजय चौहान के बीच घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी बेटे ने ईंट से पिता के सिर पर हमला कर दिया। हमले में जयलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन घायल अवस्था में जयलाल को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अजय चौहान मौके से फरार हो गया था।

आरोपी की तलाश में सरायपाली पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम बोदापाली में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी अजय चौहान के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *