रायपुर. छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोककलाकार एवं पद्मविभूषण सम्मान से सम्मानित तीजन बाई को गंभीर स्वास्थ्य समस्या के चलते अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती किया गया है. एम्स के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तीजनबाई को ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग में लाया गया. बाद में इन्हें मेडिकल इंटेसिव केयर यूनिट में इलाज के लिए शिफ्ट किया गया. उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
मरीज का प्रारंभिक इलाज ट्रॉमा यूनिट में डॉ. नमन द्वारा किया गया. इसके बाद जनरल मेडिसिन में प्रो. डॉ. प्रीतम वासनिक की देखरेख में उन्हें भर्ती किया गया है. अभी मेडिकल इंटेसिव केयर यूनिट में मेडिसिन विभाग से डॉ. प्रणिता, पल्मोनरी मेडिसिन से डॉ. रंगनाथन एवं किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलम उनके इलाज के लिए गठित चिकित्सकीय दल में शामिल हैं. एम्स के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. अशोक जिंदल (रिटायर्ड) ने कहा कि एम्स का क्रिटिकल केयर यूनिट आधुनिक सुविधाओं से लैस है. तीजनबाई की स्थिति को नियंत्रित करने में चिकित्सकीय दल स्थापित हुआ है.
