युवक की चाकू गोदकर हत्या : आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर में की तोड़फोड़, वाहन में लगाई आग, पुलिस बल तैनात

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पलौद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तोषक भारती के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी एक गाड़ी में आग लगा दी।

जानकारी के अनुसार, तोषक भारती का गांव के कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात सतनामी मोहल्ले में हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।

वहीं, युवक की हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया और वहां जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, घर के बाहर खड़ी एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या और तोड़फोड़ दोनों घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *