समाधान शिविरों से आसान हुई जनसेवाओं की राह, महिलाओं को घर के नजदीक मिल रहा योजनाओं का लाभ

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी से लेकर सुकन्या समृद्धि खाते तक, एक ही स्थान पर मिल रही सुविधाएं

रायपुर : प्रदेश में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक सरल, त्वरित और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित समाधान शिविर लोगों के लिए सुविधा केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। इसी क्रम में बलरामपुर जिले के नगर पालिका परिषद रामानुजगंज द्वारा काका लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में आयोजित शिविरों में नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे समय, श्रम और धन की बचत हो रही है।

शिविरों में विशेष रूप से महिलाओं को महतारी वंदन योजना से संबंधित ई-केवाईसी, दस्तावेज सत्यापन तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं सहजता से पूरी करने का अवसर मिल रहा है। वार्ड क्रमांक 04 की निवासी श्रीमती फूलवंती कश्यप ने शिविर में ही महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी पूर्ण कराई। उन्होंने बताया कि पहले अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिलने से प्रक्रिया सरल हो गई है।

इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 01 की श्रीमती कमला देवी, जो मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं, ने भी शिविर में अपना ई-केवाईसी कार्य पूर्ण कराया। उन्होंने बताया कि रोजमर्रा के कामकाज के बीच आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करना कठिन होता था, लेकिन शिविर की व्यवस्था से उनका कार्य आसानी से संपन्न हो गया।

शिविर का सकारात्मक प्रभाव महिलाओं की वित्तीय सशक्तिकरण यात्रा में भी दिखाई दे रहा है। वार्ड क्रमांक 04 की सुष्मिता देवी ने महतारी वंदन योजना के लिए ई-केवाईसी कराने के साथ बताया कि योजना से प्राप्त राशि को वे अपनी बेटी के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में नियमित रूप से जमा करती हैं। उनके अनुसार शिविर में उपलब्ध सुविधाओं ने समय और अतिरिक्त खर्च दोनों की बचत की है।

हितग्राहियों ने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ प्राप्त करना अब पहले की अपेक्षा अधिक सरल, सुलभ और सुविधाजनक हो गया है। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका रामानुजगंज के इन शिविरों में महतारी वंदन योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, ई-केवाईसी, दस्तावेज सत्यापन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे नागरिकों को त्वरित और प्रभावी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *