कवर्धा : शहर के रेवाबंध तालाब के पास नवीन बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोर मंदिर से भगवान बजरंगबली की मूर्ति का मुकुट चोरी कर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे संदिग्धों की पहचान करने के लिए मंदिर और आसपास के संवेदनशील इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं. मंदिर में चोरी की इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
आक्रोशित नागरिकों ने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी धार्मिक स्थल पर ऐसी घटना का होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है. आक्रोशित नागरिकों ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन तुरंत चोरों को गिरफ्तार करे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करे. इस घटना ने कवर्धा शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कितना था भगवान के मुकुट का वजन?
चोरों भगवान बजरंगबली के जिस मुकुट पर हाथ किया है वह करीब 30 तोले(350 ग्राम) का बताया जा रहा है. ये पहली बार नहीं है कि जब कवर्धा से मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है. इससे पहले भी इस जिले के मंदिरों से कई चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी है.
