बॉयफ्रेंड की मदद के लिए नौकरी करने वाले घर में डाला ‘डाका’, दुर्ग में 2 सालों से केयर टेकर का काम कर रही थी युवती

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

दुर्ग : जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में विश्वास को तोड़ने वाली चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है. अपने बॉयफ्रेंड की आर्थिक मदद करने के लिए एक युवती ने उसी घर में चोरी कर ली, जहां वह पिछले दो वर्षों से केयरटेकर और घरेलू सहायक के रूप में रह रही थी. पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है.

2024 से बुजुर्ग मां की देखभाल के लिए युवती को रखा गया था

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी. रोहन ने बताया था कि उनकी वृद्ध मां की देखभाल के लिए वर्ष 2024 में ममता चौहान को लाइफ होम केयर सर्विस के माध्यम से रखा गया था. मां के निधन के बाद भी ममता परिवार के साथ रहकर घरेलू कामकाज करती रही. लंबे समय तक घर में रहने के कारण उसे घर की पूरी व्यवस्था और अलमारी में रखी नकदी की जानकारी थी.

शादी में भीड़ का फायदा उठाकर ‘हाथ साफ’ किया

26 और 27 जून को परिवार में रोहन की भतीजी की शादी का कार्यक्रम था. शादी की व्यस्तता और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर ममता ने अलमारी से 24 हजार रुपए निकाल लिए और बिना किसी को बताए घर छोड़कर चली गई. बाद में नकदी गायब मिलने पर परिवार ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ममता और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को रायपुर से गिरफ्तार किया. पूछताछ में ममता ने बताया कि उसके प्रेमी को पैसों की जरूरत थी और उसी के कहने पर उसने चोरी की थी. पुलिस ने आरोपियों के पास से 23,500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *