मछली चोरी के विवाद में युवक की हत्या, पहले स्कॉर्पियो से मारी टक्कर, फिर खेत में दौड़ाकर पीट-पीटकर मार डाला

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

बिलासपुर : जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के नवागांव में शनिवार रात पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। मछली चोरी के विवाद को लेकर आधा दर्जन लोगों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में तीरिथ यादव की मौत हो गई, जबकि उसका साथी श्याम सिंह किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला।

जानकारी के अनुसार, तीरिथ यादव और श्याम सिंह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने स्कॉर्पियो वाहन से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक से गिरने के बाद दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीरिथ यादव जान बचाने के लिए पास के खेत की ओर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गए और बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कुछ समय पहले मछली चोरी का वीडियो बनाने को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान मोबाइल तोड़ने की शिकायत भी सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। हालांकि, पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई और शनिवार रात यह विवाद हत्या तक पहुंच गया।

घटना के बाद नवागांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *