आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप : धारदार हथियारों से लैस असामाजिक तत्वों ने घरों में की तोड़फोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

जगदलपुर। बोधघाट थाना क्षेत्र में बीती रात आपसी विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गंगानगर वार्ड में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और उत्पात मचाया गया। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, बीती रात कुछ युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि असामाजिक तत्व चाकू और तलवार जैसे हथियारों के साथ इलाके में पहुंचे और कई घर में तोड़फोड़ की जिससे पूरे मोहल्ले में डर और असुरक्षा का माहौल फैल गया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक खुलेआम तोड़फोड़ करता हुआ दिख रहा है वहीं मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी वारदात अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और ठेला संचालकों का कहना है कि ऐसे असामाजिक तत्व अक्सर उन्हें परेशान करते हैं, जिससे क्षेत्र में लगातार भय का माहौल बना रहता है।

2 आरोपी गिरफ्तार

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बोधघाट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन सवाल यही है कि आखिर कब तक ऐसे असामाजिक तत्व खुलेआम कानून-व्यवस्था को चुनौती देते रहेंगे?

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *