बड़ा हादसा : हाईवे पर तीन वाहनों की जोरदार टक्कर, डायल-112 और यात्री बस क्षतिग्रस्त

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

रायपुर/आरंग : रायपुर-आरंग राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-53) पर मंदिर हसौद थाना के सामने शुक्रवार को तीन वाहनों के बीच हुई भीषण टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक तेज रफ्तार कंटेनर, पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-112 वाहन और किरण ट्रेवल्स की यात्री बस आपस में टकरा गईं। दुर्घटना में तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते सभी यात्रियों और पुलिसकर्मियों के सुरक्षित बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

मिली जानकारी के अनुसार, डायल-112 की टीम पलौद मोड़ से गश्त कर मंदिरहसौद थाना लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कंटेनर के पीछे चल रही किरण ट्रेवल्स की यात्री बस भी अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों तथा वाहन चालकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना थाना के ठीक सामने होने के कारण मंदिर हसौद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित रूप से नियंत्रित कर सामान्य कराया।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *