सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में फर्जी आधार कार्ड के जरिए न्यायालय को गुमराह कर आरोपियों की जमानत कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में देव प्रताप सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने ही पिता के नाम से तैयार किए गए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर अदालत में हस्ताक्षर किए और जमानत की प्रक्रिया पूरी कराई।
फर्जी पहचान बनाकर कोर्ट में पेश हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी देव प्रताप सिंह अपने पिता की पहचान बनाकर न्यायालय में पेश हुआ। उसने पिता के नाम से तैयार फर्जी आधार कार्ड का उपयोग करते हुए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और न्यायालय को गुमराह कर कई मामलों में आरोपियों की जमानत कराई।
कई मामलों में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की जांच
सूरजपुर पुलिस अब जिले के विभिन्न आपराधिक मामलों में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तरह से कितने मामलों में जमानत कराई गई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
अंबिकापुर न्यायालय तक पहुंच सकती हैं जांच की कड़ियां
पुलिस को आशंका है कि अंबिकापुर न्यायालय में भी फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमानत कराई गई हो सकती है। इसी संभावना को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
फर्जी आधार कार्ड बनाने वालों की तलाश
पुलिस अब उन लोगों की भी तलाश कर रही है जिन्होंने फर्जी आधार कार्ड तैयार किए। पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए मामले की हर कड़ी की जांच की जा रही है।
