मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से दोकड़ा छात्रावास में बहाल हुई विद्युत व्यवस्था, विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति जताया आभार

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

खराब ट्रांसफार्मर बदला गया, छात्रों को मिली राहत, अध्ययन का अनुकूल वातावरण हुआ बहाल

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से जशपुर जिले के विकासखंड कांसाबेल अंतर्गत ग्राम दोकड़ा स्थित शासकीय बालक प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में विद्युत आपूर्ति पुनः सुचारू हो गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने से बाधित बिजली व्यवस्था बहाल होने के बाद छात्रावास के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। जानकारी के अनुसार, छात्रावास अधीक्षक ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय को आवेदन देकर अवगत कराया था कि छात्रावास के समीप स्थापित ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे परिसर में बिजली आपूर्ति बंद हो गई है। इसके चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी तथा छात्रावास के नियमित संचालन में भी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने तत्काल संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खराब ट्रांसफार्मर को बदलते हुए नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया। इसके बाद छात्रावास में विद्युत आपूर्ति पुनः सुचारू रूप से शुरू हो गई और विद्यार्थियों की परेशानी दूर हो गई। बिजली बहाल होने पर छात्रावास के विद्यार्थियों एवं अधीक्षक ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर की गई पहल से उनकी प्रमुख समस्या का समाधान हो गया है और अब छात्र बेहतर वातावरण में नियमित रूप से अध्ययन कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल रही है और शासन के प्रति लोगों का विश्वास निरंतर मजबूत हो रहा है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *