नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला 39 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैसो में 39 वर्षीय युवक ने अपने घर के पास नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैसो में 39 वर्षीय पंकज कुमार प्रजापति ने अज्ञात कारणों से अपने घर के पास लगे नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक का माहौल फैल गया। मृतक के छोटे भाई ने बताया कि रात में पूरा परिवार खाना खाकर सो गया था। देर रात मृतक की पत्नी ने फोन कर बताया कि पंकज घर में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला।

तलाश के दौरान जब परिजन घर की छत पर पहुंचे तो वहां से नीम के पेड़ पर पंकज का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *