रायपुर : मौसम की मार झेलते जर्जर कच्चे मकान की छत, बारिश में टपकता पानी और हर पल बनी रहने वाली अनहोनी की आशंका—यह नारायणपुर जिले की ग्राम पंचायत बावड़ी निवासी श्री सुखलाल और उनके परिवार का रोजाना का संघर्ष था। आर्थिक तंगी के कारण एक मजबूत और पक्का घर बनाना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था, लेकिन केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने सुखलाल के परिवार के इस वर्षों पुराने सपने को हकीकत में बदल दिया है।
कच्चे मकान के संघर्ष से सुरक्षित आशियाने तक का सफर
सुखलाल का परिवार वर्षों से एक ऐसे कच्चे मकान में रहने को विवश था, जहां हर बदलता मौसम नई चुनौतियां लेकर आता था। विशेष रूप से मानसून के दौरान छत से पानी टपकने के कारण पूरे परिवार की रातें जागकर बीतती थीं। आर्थिक सीमाएं आड़े आने के कारण पक्का निर्माण असंभव सा लगता था।
वित्तीय सहायता राशि सीधे सुखलाल के बैंक खाते में हस्तांतरित
ऐसे विषम परिस्थितियों में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण’ परिवार के लिए एक संबल बनकर आई। योजना के तहत पारदर्शी प्रक्रिया से सुखलाल के परिवार का चयन हुआ और वित्तीय सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की गई। शासन की इस सहायता और परिवार के समर्पण से पुराने कच्चे ढांचे की जगह एक मजबूत, सुरक्षित और पक्का आशियाना खड़ा हो गया।
जीवन में आया सकारात्मक बदलाव
नए पक्के घर के निर्माण ने न केवल प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान की है, बल्कि परिवार के सामाजिक और मानसिक जीवन में भी बड़ा बदलाव लाया है। अब बारिश में छत से पानी टपकने या ठंड और गर्मी के प्रकोप का भय समाप्त हो चुका है। पहले जहां मौसम की अनिश्चितताओं के बीच पढ़ाई बाधित होती थी, वहीं अब सुरक्षित और शांत माहौल मिलने से बच्चे पूरी एकाग्रता के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं।पक्के मकान ने परिवार को सामाजिक प्रतिष्ठा और आत्म-सम्मान की नई पहचान दी है।
प्रधानमंत्री आवास की बदौलत हमारा वर्षों पुराना सपना सच
सुखलाल ने कहा कि यह पक्का घर हमारे लिए सिर्फ ईंट और सीमेंट की चार दीवारें नहीं हैं, बल्कि यह हमारे लिए एक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का नया अध्याय है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की बदौलत हमारा वर्षों पुराना सपना सच हुआ है। अब मेरा परिवार पूरी तरह सुरक्षित है और बच्चों के बेहतर भविष्य की राह आसान हो गई है।
सुखलाल के परिवार की भविष्य की मजबूत नींव
सुखलाल के परिवार की सफलता की यह कहानी साबित करती है कि पक्का मकान केवल एक छत नहीं होता, बल्कि यह किसी भी परिवार की सुरक्षा, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होता है। छत्तीसगढ़ के सुदूर ग्रामीण अंचलों में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण’ के जरिए लगातार जरूरतमंद परिवारों का जीवन सुगम और सुरक्षित बनाया जा रहा है।
