सावन में बाबाधाम जाने वाले छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, बढ़े श्रावणी स्पेशल ट्रेन के फेरे

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

रायपुर. सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम (बाबाधाम) के दर्शन के लिए जाने वाले शिवभक्तों और श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ा दिए हैं. अब यह ट्रेन साप्ताहिक के बजाय द्वि-साप्ताहिक संचालित होगी.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार गाड़ी संख्या 08895/08896 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–इतवारी श्रावणी मेला स्पेशल का संचालन 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है. पहले इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे निर्धारित थे, जिन्हें बढ़ाकर सात-सात कर दिया गया है.

गाड़ी संख्या 08895 इतवारी–मधुपुर स्पेशल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक शनिवार 1 अगस्त से 29 अगस्त तक पांच फेरे लगाएगी. इसके अलावा 18 अगस्त और 25 अगस्त को मंगलवार के दिन भी इस ट्रेन का संचालन होगा. इस तरह इतवारी से मधुपुर के बीच ट्रेन के कुल सात फेरे होंगे. इसी तरह गाड़ी संख्या 08896 मधुपुर–इतवारी स्पेशल प्रत्येक रविवार 2 अगस्त से 30 अगस्त तक पांच फेरे लगाएगी. इसके अतिरिक्त 19 अगस्त और 26 अगस्त को बुधवार के दिन भी ट्रेन चलेगी. इस तरह वापसी दिशा में भी कुल सात फेरे संचालित किए जाएंगे.

इन स्टेशनों से सीधे बाबाधाम की यात्रा

श्रावणी स्पेशल ट्रेन का ठहराव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी, गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर स्टेशनों पर होगा. इससे इन क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को मधुपुर तक सीधे और सुविधाजनक रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी. रेलवे के अनुसार ट्रेन में वर्तमान में बड़ी संख्या में आरक्षित सीटें उपलब्ध हैं. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे समय रहते अग्रिम आरक्षण कराकर अपनी सीट सुनिश्चित करें, ताकि सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा सुगम और सुविधाजनक हो सके.

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *