राज्यस्तरीय प्रशिक्षण से मजबूत हो रही समाज कल्याण विभाग की प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यदक्षता

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

वित्तीय संहिता, कार्यालयीन व्यवस्था और शासकीय पत्राचार पर अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

रायपुर : समाज कल्याण विभाग द्वारा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशासनिक और वित्तीय दक्षता को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्यस्तरीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 2026-27 आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य संसाधन एवं पुनर्वास केंद्र, माना कैंप, रायपुर में प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर प्रतिभागियों को शासकीय कार्यों के सुचारू एवं नियमानुसार संपादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र में छत्तीसगढ़ वित्तीय संहिता विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। सेवानिवृत्त वित्त नियंत्रक, छत्तीसगढ़ वित्त शासन, श्रीमती तृप्ति शर्मा ने प्रतिभागियों को वित्तीय नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए शासकीय कार्यों में वित्तीय प्रावधानों के उचित अनुपालन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

द्वितीय सत्र में कार्यालयीन व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण हुआ। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अवर सचिव श्री बी. एस. राजपूत ने सर्विस बुक के संधारण, नस्तियों के निर्माण एवं रख-रखाव, शासकीय पत्राचार, नोटिंग-ड्राफ्टिंग तथा आवक-जावक प्रक्रिया सहित विभिन्न कार्यालयीन विषयों पर प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासकीय प्रक्रियाओं का नियमानुसार पालन, दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण तथा कार्यालयीन कार्यों में दक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया गया। राज्यस्तरीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विभागीय अमले की प्रशासनिक क्षमता, वित्तीय समझ और कार्यालयीन दक्षता को सुदृढ़ करना है, ताकि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और हितग्राहियों को अधिक प्रभावी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *