पेंड्रा में जिला स्तरीय आयोजन के साथ ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों और घर-घर होगा दीप प्रज्वलन
रायपुर : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में जिलेभर में विविध जनकल्याणकारी, सामाजिक और जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के प्रथम दिवस 17 सितंबर को जिले में शाम 7 बजे 2 लाख आशीर्वाद के दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर मल्टीपर्पस स्कूल मैदान पेंड्रा में जिला स्तरीय दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां 11 हजार दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। यह आयोजन सेवा, संकल्प और जनभागीदारी की भावना का भव्य प्रतीक बनेगा।
जिले के विभिन्न स्थानों पर भी एक साथ प्रज्वलित होंगे दीये
जिला स्तरीय आयोजन के साथ ही गौरेला पेन्ड्रा मरवाही जिले के तीनों जनपद पंचायत क्षेत्रों में भी जनभागीदारी के साथ दीप प्रज्वलन किया जाएगा। मरवाही जनपद पंचायत की 10, गौरेला जनपद पंचायत की 8 और पेंड्रा जनपद पंचायत की 7 चयनित ग्राम पंचायतों में 25 हजार दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही पेंड्रा स्थित दुर्गा सरोवर, जिले के सभी अमृत सरोवरों, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों, महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों, बिहान समूह की महिलाओं तथा सभी शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस सामूहिक दीप प्रज्वलन के माध्यम से जिले के गांवों से लेकर शहरों तक सेवा और जनभागीदारी का संदेश पहुंचाया जाएगा।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर आपसी समन्वय के साथ अभियान के लिए निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सभी कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने अभियान की सभी पहलों की समय पर तैयारी पूरी करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप उनका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों और आयोजित गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो सहित जानकारी निर्धारित गूगल ड्राइव में नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान की गतिविधियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण और संधारण सुनिश्चित किया जा सके।
सर्व समाज प्रमुखों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील
सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में सर्व समाज प्रमुखों की बैठक भी ली। उन्होंने समाज प्रमुखों को अभियान की रूपरेखा और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए उनसे अपने-अपने समाज के सदस्यों एवं नागरिकों को अभियान से जोड़ने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए जिले में अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाना है। उन्होंने 17 सितंबर को मल्टीपर्पस स्कूल मैदान पेंड्रा में आयोजित होने वाले आशीर्वाद का दीया समारोह में सर्व समाज प्रमुखों एवं नागरिकों को सहभागिता के लिए आमंत्रित किया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खिलारी एवं वन मंडलाधिकारी श्री निशांत कुमार ने भी अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित होने वाली गतिविधियों एवं कार्ययोजना से समाज प्रमुखों को अवगत कराया।
एक माह तक विभिन्न गतिविधियों से गूंजेगा जिला
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एक माह के दौरान जिले में आशीर्वाद का दीया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति कलश, सेवा मेरा योगदान, जल जन सेवा संकल्प, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज तथा सुशासन सेवा संवाद सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इन गतिविधियों के माध्यम से सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहित करने के साथ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान का उद्देश्य सेवा के कार्यों को जनआंदोलन का स्वरूप देना और समाज के प्रत्येक वर्ग को सकारात्मक सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है।
जिलेवासियों से दीप प्रज्वलन में सहभागी बनने की अपील
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने घरों, ग्रामों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागी बनें। प्रशासन ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे परिवार, समाज और समुदाय के साथ मिलकर इस जनभागीदारी आधारित पहल को सफल बनाएं।
17 सितंबर को जिले में एक साथ प्रज्वलित होने वाले 2 लाख आशीर्वाद के दीये सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को नई ऊर्जा देंगे तथा एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के लिए सकारात्मक वातावरण का निर्माण करेंगे।
