सेवा संकल्प अभियान : सपनों के भारत के लिए मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी के 46 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से साझा की विकसित भारत की परिकल्पना

रायपुर : सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के समस्त विद्यालयों में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत 2047 की संकल्पना से जोड़ने के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जिलेभर से लगभग 46 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए एवं विभिन्न गतिविधियों में अपनी सहभागिता दी।

हायर सेकेंडरी कन्या स्कूल मोहला, हाई स्कूल गोटाटोला, सेजस मोहला में आयोजित कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे शामिल हुए एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगाकठेरा, विकासखंड अंबागढ़ चौकी में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ड्राइंग प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत की अपनी कल्पना को अभिव्यक्त किया। इसी प्रकार कन्या शिक्षा परिसर अंबागढ़ चौकी में भी ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भड़सेना में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर प्रदर्शनी लगाई गई। विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं रचनात्मक चित्रों के माध्यम से विकसित भारत की अपनी परिकल्पना प्रस्तुत की। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मक अभिव्यक्ति, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पालक, वरिष्ठ नागरिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुए।

लोगों को शेयर करें