मेला देखने जा रही 17 वर्षीय युवती की स्कॉर्पियो से कुचलकर मौत, परिजनों ने युवक पर लगाया हत्या का आरोप

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

सुकमा : थाना क्षेत्र के मुर्रेपाल गांव के समीप एक दर्दनाक घटना में मेला देखने जा रही 17 वर्षीय युवती की स्कॉर्पियो वाहन के नीचे दबने से मौत हो गई। मृतका के स्वजनों ने एक युवक पर जानबूझकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

दोपहर लगभग 2.30 बजे पड़ोस के गांव में रहने वाले एक पुलिस जवान ने फोन कर परिजनों को बताया कि कंचन का एक्सीडेंट हो गया है। पहचान स्पष्ट न होने के कारण फोटो भेजकर पुष्टि करने को कहा गया। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन तब तक कंचन की मौत हो चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक स्कॉर्पियो वाहन ने मुर्रेपाल गांव के पास, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से कुछ भीतर स्थित है, युवती को दो बार कुचल दिया। हादसे में युवती का सिर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और उसके दांत भी टूट गए।

स्वजनों का आरोप है कि पड़ोस गांव का निवासी आदित्य बघेल पहले भी कंचन को कई बार परेशान कर चुका था और घटना के समय उसी की गाड़ी में आरोपी मौजूद थे। परिजनों का कहना है कि यदि यह केवल सड़क हादसा होता तो आरोपी मौके से भागने की कोशिश क्यों करता। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा तत्काल अस्पताल ले जाने की बात कहने पर काफी देर बाद युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर थाने में रख लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है तथा प्रत्यक्षदर्शियों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *