बिलासपुर/कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा इलाके में हुई उस रूह कंपा देने वाली वारदात ने आज एक और दुखद मोड़ ले लिया। करीब एक हफ्ते तक अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी और मौत के बीच झूल रही युवती ने आखिरकार बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसी घटना में आरोपी युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
यह खूनी खेल 3 फरवरी को उरगा क्षेत्र में खेला गया था। जानकारी के अनुसार, बिलासपुर की रहने वाली युवती और एक युवक बाइक पर सवार होकर कोरबा पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से जान-पहचान थी। कोरबा पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि युवक ने अपना आपा खो दिया और पास रखे चाकू से युवती के गले पर जानलेवा हमला कर दिया।
युवक ने की खुदखुशी
युवती को लहूलुहान करने के बाद युवक ने भागने के बजाय उसी हथियार से खुद के गले पर भी वार कर लिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो युवक दम तोड़ चुका था। पुलिस ने तत्काल युवती को स्थानीय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया था।
विडियो काल पर दी जानकारी
इस पूरी घटना में युवती की बहादुरी ने सबको हैरान कर दिया था। गले पर गंभीर वार होने के बावजूद, उसने हिम्मत नहीं हारी और अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस और परिजन घटनास्थल तक पहुँच सके थे।
अस्पताल में मौत
सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार युवती को बचाने की कोशिश कर रही थी। शुरुआती सर्जरी के बाद स्थिति में सुधार के संकेत मिले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सर्जरी के बाद युवती कोमा में चली गई और फिर कभी होश में नहीं आ सकी। मृतका बिलासपुर के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी और अपने परिवार का सहारा थी।
