रायपुर| राजधानी रायपुर में पीपल का विशाल पेड़ गिर गया है। यहां टाटीबंध स्थित एम्स अस्पताल के पास ये प्राचीन पेड़ धराशायी हो गया। इसकी वजह से रायपुर और दुर्ग जिले के बीच ट्रैफिक जाम हो गया है। कई गाड़ियां जाम में फंस गई हैं। सुबह के 5 बजकर 45 मिनट के करीब पेड़ के गिरने की आवाज आई। राहत की बात ये है कि घटना से कोई जनहानि नहीं हुई है। 4 घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ काटकर सड़क से हटाया गया।
खतरे की बात इसलिए थी क्योंकि जिस वक्त पेड़ गिरा, वो लोगों के मॉर्निंग वॉक का समय होता है, साथ ही कई दुकानदार भी अपनी दुकानें खोलने के लिए इस वक्त निकलते हैं, ऐसे में कोई भी हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस-प्रशासन को खबर दे दी गई है। नगर निगम और एस डीआरऍफ़ की टीम मौके पर पहुंची। पेड़ को काटकर हटाया गया, इसके बाद यातायात यहां ठीक हुआ। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी। दोनों शहरों को जोड़ने वाली इस सड़क से रोज हजारों लोग आना-जाना करते हैं। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई पुराने पेड़ कमजोर हो गए हैं और टूट रहे हैं। जिसके कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है, साथ ही जान-माल के नुकसान का डर भी बना हुआ है।
