पठान फिल्म के गाने में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के भगवा कपड़े पहने जाने के विवाद पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आया बयान
रायपुर| पठान फिल्म के गाने में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के भगवा कपड़े पहने जाने के विवाद पर अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बयान आया है। उन्होंने कहा कि भगवा रंग त्याग का प्रतीक है। आज उसे बजरंगी गुंडे पहन रहे हैं। बताएं कि उन्होंने क्या त्याग किया है।
भिलाई में बाबा गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम में बघेल ने कहा, ‘ये विवाद का मुद्दा ही नहीं है। भाजपा के पास कोई मुद्दा ही नहीं बचा है। इसलिए जो जनता और समाज के मुद्दे नहीं हैं उसे सामने लाकर वो ध्रुवीकरण कर रही है। कोई व्यक्ति किसी भी रंग का कपड़ा पहन लेता है तो उससे कुछ हो नहीं जाता है। कार्यक्रम में कुछ लोग काले कपड़े पहन कर आए हैं तो क्या वो मुख्यमंत्री का विरोध करने आए हैं। कोई नीला कपड़ा पहना है तो क्या वे अंबेडकराइड हो गया है।’ बघेल ने कहा कि साधु संत भगवा रंग का वस्त्र धारण करते हैं। भगवा रंग ज्वाला या अग्नि का प्रतीक है। ये बजरंगी गुंडे भगवा रंग का गमछा पहनकर निकल रहे हैं। वो तो वसूली करने के लिए भगवा रंग पहन रहे हैं। रंग की ही बात है तो भाजपा बताए कि आज उनके सांसद और विधायक जो हीरो हैं वो हिरोइनों के साथ डांस कर रहे हैं। अलग-अलग रंग का कपड़ा पहन रहे हैं। उनके बारे में उनकी क्या सोच है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा गुरु घासीदास जयंती हर साल भिलाई स्थित सतनाम भवन में मनाई जाती रही है। इस बार भी यह कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। बड़ी संख्या में लोग आए। घासीदास बाबा ने मानवता को जीवित रखने के लिए जो संदेश दिए हैं वो आज भी जीवित हैं। बाबा ने मनखे-मनखे एक समान का जो संदेश दिया है हमें उसे आत्मसात करना चाहिए और उनके बताए आदर्शों पर चलना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू व अन्य मंत्री और कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे।