इंसान से पक्षियों की दोस्ती हमेशा से रही है। पक्षी उड़ते हुए कई बार लोगों के घरों की छत और मंडेर पर आकर बैठ जाते हैं। वहीं, कुछ पक्षी इंसानों के घर पर अपना घोंसला भी बना लेते हैं। वैसे पक्षी कभी अकेले आते हैं तो कभी समूहों में आकर छत पर किल्लौल करते हैं। वे वहां दाना खाते हैं, पानी पीते हैं और अठखेलियां करते हैं। हममें से अधिकतर लोगों को पता नहीं है कि विभिन्न पक्षियों का हमारे घर की छत या मुंडेर पर आकर बैठना कोई संयोग मात्र है या फिर इसके पीछे भविष्य का कोई बड़ा संकेत छिपा होता है। आइये सामुद्रिक शास्त्र और शकुन शास्त्र के द्वारा जानें पक्षियों का घर पर आना इस बात का देता हैं संकेत।
तोता
यदि तोता आपके घर की मुंडेर या छत पर आकर बैठता है तो यह किसी मांगलिक कार्य के होने का संकेत माना जाता है। तोता के आना शुभ माना गया है।
उल्लू
उल्लू को मां लक्ष्मी का वाहन माना गया है। उल्लू का आसपास दिखाई देना शुभ माना गया है। यदि घर की छत पर उल्लू दिखाई दे तो समझिए धन लाभ होने वाला है।
चिड़िया
यदि चिड़िया आपकी बालकनी या सीढ़ियों के ऊपर घोंसला बनाकर रहने लगे तो यह आपके घर में खुशियों के आगमन का संकेत होता है। यह इस बात का प्रतीक होता है कि अब आपके संकट के दिन जाने वाले हैं और परिवार में खुशियां बिखरेंगी।
नीलकंठ
नीलकंठ बहुत कम दिखाई देने वाला पक्षी है। यदि आपको छत या मुंडेर पर नीलकंठ पक्षी दिखाई दे जाए तो वह बहुत शुभ माना जाता है। इस पक्षी को भगवान शिव का प्रतीक माना जाता है, जो दुनिया के संकटहर्ता हैं। इस पक्षी का आना इस बात का प्रतीक होता है कि आपको किसी वाहन या संपत्ति की प्राप्ति हो सकती है।
कौआ
घर के मुंडेर पर सुबह-सवेरे कौए का आकर बोलना इस बात का संकेत होता है कि आपका कोई प्रिय व्यक्ति जल्द ही आपके घर आ सकता है। अगर वह उत्तर की ओर मुंह करके बोलता है तो इसका मतलब कोई धनवान व्यक्ति आ सकता है। जबकि पूर्व की ओर मुंह करके बोलने का मतलब किसी प्रभावशाली व्यक्ति के आने का संकेत होता है।