2002 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के आंदोलन से सत्ता में आए थे, इस बार भी वापसी तय : भाजपा  अध्यक्ष अरुण साव

Featured Latest खास खबर छत्तीसगढ़ बड़ी खबर राजनीती

०० भाजपा के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा अध्यक्ष ने मिडिया से की चर्चा

रायपुर| बेरोजगारी के मुद्दे पर बुधवार को हुए प्रदर्शन के बाद भाजपा को सत्ता में वापसी की उम्मीद बंधती दिख रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने गुरुवार को कहा, 2002 में भाजपा युवा मोर्चा के आंदोलन से ही पार्टी सत्ता में आई थी। इस बार भी वैसा ही होगा। भाजपा की वापसी तय है। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रेस से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा, आंदोलनों के इतिहास में यह पहला मौक़ा था जब अपने ही लोगों को रोकने के लिए किसी सरकार ने कंटेनरों का प्रयोग किया हो। ऐसी अभेद्य व्यवस्था अगर तेज़ी से बिगड़ती कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने में करते तो प्रदेश की हालात यह नहीं होती। हालांकि कार्यकर्ताओं ने उस कंटेनर को भी भेद दिया और सीएम निवास घेरने में सफल रहे।

अरुण साव ने कहा, यह आंदोलन छत्तीसगढ़ के इतिहास में उसी तरह अंकित हो गया है जैसे 20 साल पहले के पिछले कांग्रेस शासन के ख़िलाफ भाजपा ने किया था। परिणाम भी वैसा ही आने वाला है, इसमें अब कोई संदेह नहीं है। अरुण साव ने कहा, इस आंदोलन की सफलता से बौखला कर कांग्रेसी अपना आपा खो रहे हैं। लगातार अनाप-शनाप बयानबाजी, असभ्य और अशालीन शब्दों का उपयोग करके कांग्रेस मुद्दों को डायवर्ट करना चाह रही है। साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शालीनता के लिए देश भर में विख्यात छत्तीसगढ़ की छवि को भी खराब कर रही है। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा, 2002 के आंदोलन में भी तत्कालीन सरकार ने चार थानों में एफआईआर दर्ज किया था। इस बार भी वैसा ही किया जा रहा है, लेकिन जब तक भाजपा की सरकार नहीं बन जाती कार्यकर्ता रुकेंगे नहीं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, कांग्रेस के जिन वादों का दस्तावेज़ी प्रमाण है, उससे भी कांग्रेस के लोग मुकर रहे हैं। लिखित में कांग्रेस ने कहा था कि वह 10 लाख युवाओं को 2500 रुपया हर महीना देगी। आज तक एक भी युवा को यह नहीं मिला। फिर भी संविधान की शपथ लिए हुए मंत्री सीधे तौर पर झूठ बोलते हैं कि ऐसा कोई वादा कांग्रेस ने नहीं किया था। कल दो-दो मंत्री इसे बताने मीडिया के सामने आए। इससे दुखद और कुछ नहीं हो सकता। अरुण साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के युवाओं के भत्ते का 12 हजार करोड़ रुपया गबन कर लिया है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *