रायपुर| बिलासपुर में दो मासूम बच्चियों के साथ रेप करने वाले पिता के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब 15 दिन पुराने इस केस में पुलिस अफसर पहले मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं होने का दावा करते रहे। जब स्वयं सेवी संठगन और महिलाएं आगे आईं, तब हरकत में आई पुलिस ने सी डब्लूसी में बच्चियों के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है।
चकरभाठा थाना क्षेत्र की 4 और 6 साल की दो बच्चियां आंगनबाड़ी केंद्र पढ़ने जाती थीं, जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उनकी स्थिति देखकर बातचीत की। सेंटर में बच्चियां गुमशुम रहती थीं। धीरे-धीरे बातचीत करने पर बच्चियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को आपबीती बताईं। बच्चियों ने उन्हें बताया कि उनकी मां उन्हें छोड़कर चली गई हैं। वहीं, अकेली पाकर पिता उनके साथ गलत काम करते हैं। यह मामला 30 सितंबर को सामने आया था। इसके बाद बच्चियों की काउंसलिंग कराई गई। उनका मेडिकल भी कराया गया। लेकिन, जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं होने की बात कही गई। इस केस को दबाने पुलिस पर आरोप लगे। वहीं, केस उजागर करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को धमकी दी जाने लगी। तब गुरु घासीदास सेवादार संघ (GSS) ने बच्ची को न्याय दिलाने आंदोलन करने की चेतावनी दी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ महिलाएं भी आगे आईं। उन्होंने इस केस की शिकायत IG रतनलाल डांगी और महिला बाल विकास विभाग से की।