भेल खाने के दौरान कांग्रेस नेता के बेटे पर चाकू से हमला, हालत गंभीर, आरोपी फरार

Featured Latest छत्तीसगढ़ जुर्म

बिलासपुर : जिले के न्यायधानी के पॉश इलाके सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब रसूखदार परिवारों के सदस्य भी सुरक्षित नहीं हैं। शुक्रवार को शहर के प्रतिष्ठित लखीराम ऑडिटोरियम के पास बिलासपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे पर जानलेवा हमले की वारदात सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, त्रिलोक श्रीवास के पुत्र अपने कुछ साथियों के साथ ऑडिटोरियम के पास भेल खा रहे थे, तभी वहां पहुंचे युग मिश्रा, वेदांत गुप्ता और उनके अन्य साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में लहूलुहान होकर कांग्रेस नेता के पुत्र मौके पर ही गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए शहर के किम्स (KIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल अस्पताल और घटना स्थल पर पहुँच गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन सार्वजनिक स्थल पर हुई इस चाकूबाजी ने शहर की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *