महादेव एप मामले में आरक्षक बर्खास्त, अर्जुन सिंह यादव के खिलाफ चल रही थी विभागीय जांच

Featured Latest आसपास छत्तीसगढ़ प्रदेश

भिलाई :  आनलाइन सट्टा महादेव एप मामले में फरार चल रहा आरक्षक अर्जुन सिंह यादव को पुलिस की सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। कार्यभार ग्रहण करते ही पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर आरक्षक अर्जुन सिंह यादव को पुलिस की सेवा से बर्खास्त करने के आदेश पर हस्ताक्षर किए।

दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ज्वाइनिंग के साथ ही एक्शन में आ गए हैं। एसपी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर आरक्षक अर्जुन सिंह यादव को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश दिया है। आरक्षक के खिलाफ विभागीय जांच चल रही थी, जिसके आधार पर 27 फरवरी 2023 को दुर्ग आरआई की तरफ से आरोप पत्र जारी किया गया था।

आरोप पत्र की तामिली 8 मार्च 2023 को कराई गई। लेकिन आरक्षक की तरफ से इस संदर्भ में कोई जवाब नहीं दिया गया। अर्जुन सिंह यादव महादेव एप घोटाले का भी आरोपी है। उसका एक भाई भीम यादव भी महादेव एप मामले में जेल में बंद हैं। वहीं एक भाई सहदेव यादव भी फरार बताया जाता है।

सौरभ की गिरफ्तारी के लिए पुरस्कार घोषित

इधर, महादेव सट्टा एप के संचालक व फरार आरोपित सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा 10 हजार और पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग द्वारा 25 हजार रुपये नगद इनाम दिया जाएगा।

आरोपित को गिरफ्तार कराने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। महादेव सट्टा एप के फरार आरोपित सौरभ चंद्राकर (27) के खिलाफ जामुल थाना में जुआ एक्ट का अलग-अलग मामला दर्ज है। उसके खिलाफ 12 अप्रैल 2022, 23 जून 2023 व 4 जून 2023 को अपराध दर्ज किया गया है।

छावनी थाना अंतर्गत मदर टेरेसा नगर मयूर पार्क के पास भिलाई निवासी सौरभ चंद्राकर लंबे से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा दो फरवरी 2024 को 10 हजार रुपये नगद इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज राम गोपाल गर्ग द्वारा प्रकरण की गंभीरता दो देखते हुए फरार आरोपित को गिरफ्तार कराने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये नगद राशि से पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।

लोगों को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *